खन्ना (महोबा)। कानपुर सागर हाईवे में ग्राम चिचारा बस स्टैंड के पास भैंस चराकर लौट रहे दो ग्रामीणों को बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी। इससे एक ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा बुरी तरह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना खन्ना के ग्राम चिचारा निवासी हरी बाबू (60) पुत्र सहदेव श्रीवास व दिबिया (56) पुत्र चिरगवा वर्मा गुरुवार की शाम को खेत से भैंस चराकर लौट रहे थे। तभी कानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों ग्रामीण सड़क पर जाकर गिरे। हरी बाबू की मौके पर मौत हो गई और उसका साथी दिबिया घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। जिला अस्पताल में भर्ती युवक की हालत नाजुक है। घटना के बाद पुुुलिस ने बोलेरो का चालान कर दिया।
उधर यशोदा नगर निवासी सुनीता (36) पत्नी जितेंद्र पैदल जा रही थी। तभी रास्ते में बाइक की टक्कर से घायल हो गई। नैकानापुरा निवासी लक्ष्मी (6) पुत्र बीरेंद्र को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। तो वहीं भटीपुरा निवासी संतोष (24) पुत्र राजू बाइक से गिरकर घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।