अजनर (महोबा)। सीगौन गांव में खेत में लगी आग बुझाने के बाद मोटर बंद करने गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। उधर, आग लगने से एक बीघा में खड़ी गेहूं की फसल राख हो गई।
अजनर थाना क्षेत्र के सीगौन गांव निवासी स्वामी राजपूत के पास 12 बीघे खेत है। उसके तीनों पुत्र अमर सिंह, बिहारी व नरेंद्र खेती-बाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार की सुबह सबसे छोटा पुत्र नरेंद्र (35) खेत पर था। तभी खेतों के ऊपर से निकली विद्युत लाइन के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई।
इस पर नरेंद्र ने कुएं में लगी मोटर चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक एक बीघे गेहूं की फसल राख हो गई। इसी बीच वह मोटर बंद करने पहुंचा और करंट लगने से अचेत हो गया। खेत पर मौजूद लोग उसे सीएचसी नौगांव लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दे दी गई है।