चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के ग्राम रिवई में मकान के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से भाई-बहन झुलस गए। कपड़े डालने छत पर गए युवक का हाथ बिजली लाइन में छू जाने से वह चिपक गया। बचाने दौड़ी बहन की करंट लगने से झुलस गई। गंभीर हालत में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
ग्राम रिवई निवासी लक्ष्मी प्रसाद साहू (42) शनिवार की सुबह मकान की छत कपड़े सुखा रहे थे। तभी उनका हाथ छत के ऊपर से निकली हाईटेेंशन लाइन में छू गया। चीख सुनकर छत पर खड़ी बहन ललतिया (35) बचाने के लिए दौड़ पड़ी। जिससे दोनों झुलस गए। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी में भर्ती कराया गया है।
घायल लक्ष्मी प्रसाद के पुत्र जालेंद्र साहू ने बताया कि हाईटेंशन लाइन पूरी तरह जर्जर है। मकानों के ऊपर से निकली लाइन में सुरक्षा के कोई प्रबंध नही किए गए हैं। जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। मकानों के ऊपर से लाइन हटवाने के लिए कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों से मांग की गई लेकिन समाधान नही हुआ। उधर विद्युत विभाग के अवर अभियंता अंबिका पटेल का कहना है कि जल्द ही मकानों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन को हटाया जाएगा।