महोबा। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में ग्राम सूपा के पास तेज रफ्तार कार व बाइक की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार भी बेकाबू होकर पलट गई। हालांकि, कार सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चरखारी कस्बा निवासी नारायण (40) पुत्र बाबूलाल अपने साथी राजू (45) पुत्र सुखदेव के साथ रविवार को बाइक से महोबा आ रहे थे। हाईवे में ग्राम सूपा के पास सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद लोगों की मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सड़क पर पड़े घायलों को उठाकर राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन किसी को गंभीर चोटें न आने पर राहत की सांस ली। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।