किसानों की समस्याआें को लेकर आम आदमी पार्टी संघर्ष करेगी। आप ने बैठक कर बुंदेलखंड के किसानों के कर्जे माफ करने और उन्हें महंगाई से मुक्ति दिलाने की मांग कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में आप पार्टी के जिला संयोजक केदार सिंह राजावत ने बताया कि बुंदेलखंड का किसान दैवीय आपदा सहित विभिन्न आर्थिक संकटों से जूझ रहा है। जिससे वह अपनी फसल के लिए लिए गए लोन की अदायगी नहीं कर पा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा बिना किसानों की सहमति के भूमि अधिग्रहण कानून 2013 में लागू कर दिया गया। जो किसानों के हित में नहीं है।
किसानों की रजामंदी के बाद इसे लागू किया जाना चाहिए। बुंदेलखंड में सभी किसानों द्वारा केसीसी का लोन लिया गया है। इसमें दलालों के माध्यम से 20 प्रतिशत तक कमीशन लेने का आरोप लगाया। कहा कि इसकी जांच कराई जाए। बुंदेलखंड में सिंचाई परियोजना और बिजली परियोजना पर जल्द काम तेजी से कराए जाएं। अन्ना जानवरों के लिए यहां गौशाला का निर्माण कराया जाए। पार्टी के जिला सचिव गिरधारी लाल बाल्मीकि ने संगठन को मजबूत करने और किसानों के हित में लडा़ई जारी रखने की मांग रखी। इस दौरान लाखन सिंह यादव सहित तमाम पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।