चरखारी (महाेबा)। तहसील चरखारी के अर्जुन बांध से निकली नहर में मंगलवार की शाम नहाते समय एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई लेकिन रात नौ बजे तक युवक का सुराग नहीं लगा। मामले की सूचना एसडीआरएफ टीम को दी गई है।
शहर के मोहल्ला जारीगंज निवासी फैजल (25) अपनी रिश्तेदारी में कस्बा चरखारी गया था। शाम को वह दोस्तों के साथ नहाने के लिए अर्जुन बांध से निकली नहर पहुंच गया। नहर में नहाते समय वह पानी के तेज बहाव में डूब गया। यह देख वहां मौजूद अन्य दोस्तों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ दीपक दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई है। युवक के परिजन नहर किनारे बैठकर उसके सकुशल बरामद होने की दुआएं करते रहे। सीओ ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।