फोटो 18 एमएएचपी 16 परिचय-बोर्ड की बैठक में कजली मेले की भव्यता को लेकर चर्चा करते चेयरमैन, ईओ व
महोबा। ऐतिहासिक कजली मेले को लेकर मंगलवार को नगर पालिका महोबा सभागार में बोर्ड की बैठक हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से 60 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। मेले के दौरान और भव्य तरीके से शोभायात्रा को निकालने, आकर्षक झांकियों, हाथी व ऊंटों की संख्या बढ़ाए जाने पर जोर दिया गया।
पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ऐतिहासिक कजली मेले को लेकर प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान पालिका बोर्ड के सदस्यों ने मेले को भव्य बनाने की बात कही। इस दौरान सर्वसम्मति से 60 लाख रुपये का बजट जारी किया गया जबकि पिछले वर्ष 55.35 लाख रुपये का बजट पास हुआ था। तय किया गया कि इस बार शोभायात्रा को भव्य बनाया जाएगा। साथ ही आकर्षक झांकियाें, हाथी और ऊंटों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
साथ ही पालिका की ओर से डीआईओएस व बीएसए से संपर्क कर विद्यालयों से अच्छी झांकियां बनाने की रणनीति भी बनाई गई। कजली मेले के अवसर पर इस वर्ष 29 अगस्त को शहर के हवेली दरवाजा मैदान से विशाल एवं भव्य शोभायात्रा शुरू होगी जो परंपरागत मार्गों से होते हुए कीरत सागर पहुंचेगी। बोर्ड की बैठक में पालिका ईओ अवधेश कुमार, सभासद राजेश, साधना गुप्ता, अशफाक, इसरार, गणेशी आदि मौजूद रहे।