महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के मुढ़ारी गांव के पास रविवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
जिले की सीमा से सटे जनपद छतरपुर के मलका गांव निवासी सतीश अहिरवार (24) बाइक से गांव के ही अन्य लोगों के साथ कस्बा महोबकंठ में एक बरात में शामिल होने जा रहा था। तभी मुढ़ारी गांव के पास सभी सड़क किनारे खड़े हो गए। इस दौरान मार्ग से गुजरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सतीश को टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
-
सड़क हादसों में महिला समेत पांच घायल
महोबा। अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। थाना श्रीनगर के पवा गांव निवासी जयप्रकाश (35) सोमवार की सुबह बाइक से महोबा आ रहा था। तभी रास्ते में एकाएक आए अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। इसी तरह भटीपुरा निवासी राममिलन, पुरवा पनवाड़ी निवासी मथुरा प्रसाद, इटवा निवासी कमलेश और मुरानी निवासी गोमती अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ।