खन्ना (महोबा)। थाने के ग्राम तमौरा में पत्नी से विवाद होने से आहत युवक ने मकान के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तमौरा गांव निवासी लक्ष्मी वर्मा (36) पुत्र रजवा वर्मा परिवार समेत दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार को लक्ष्मी वर्मा अपने घर वापस लौटा था। शनिवार की सुबह उसका अपनी पत्नी चुनबदिया से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर उसने पत्नी की मारपीट कर दी। कुछ देर बाद पत्नी गांव में लगे हैंडपंप से पानी लेने चली गई, जबकि बच्चे शौचक्रिया के लिए चले गए। तभी युवक ने मकान के कमरे में रस्सी के फंदे से फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। पत्नी जब घर लौटी तो पति को फांसी पर झूलता देख उसके होश उड़ गए। घटना से मृतक की पत्नी चुनबदिया, पुत्र सुरेंद्र (16), बउवा (14), पुत्री नेहा (12) व शिवानी (10) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक शराब का लती बताया जा रहा है। थाना प्रभारी सुनील कुमार शुक्ला का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।