महोबा। भारतीय किसान यूनियन ने शनिवार को किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम रामसुरेश वर्मा को सौंपा।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामखिलावन शुक्ला, जिला महासचिव इश्हाक खां व प्रदेश उपाध्यक्ष हरदत्त पांडेय के नेतृत्व में एक सैकड़ा से ज्यादा किसानों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। किसानों में फसल बीमा का भुगतान तीन साल बाद भी बीमा कंपनियों द्वारा न किए जाने से पर खासा गुस्सा दिखा। किसानों ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जिले के तमाम किसानों को सम्मान निधि का पैसा नहीं मिल रहा है। किसान कृषि विभाग के चक्कर काटकर घर बैठ गए हैं। आरोप लगाया कि कृषि विभाग भ्रष्टाचार के चलते किसानों को सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल रहा है।
एडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2019 में रबी और खरीफ की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई थी। किसानों द्वारा बीमा कराए जाने के बाद भी आजतक बीमा राशि मुआवजे के रूप में नहीं मिली, मुआवजा दिलाए जाने। फसल बीमा का प्रीमियम बैंकों द्वारा काटकर बीमा कंपनी को भेजे जाने के बाद भी बीमा कंपनी ने अभी तक क्लेम नहीं दिया है, उसका क्लेम दिलाए जाने। कस्बे में व्यस्त बाजार में आए दिन सड़क वाहनों के लिए बाईपास बनाए जाने, नॉन जेड-ए की भूमि पर काबिज किसानों को भूमिधर किए जाने और मनमाने बिजली बिल पर रोक लगाए जाने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में मनीष महराज, सत्येंद्र अग्निहोत्री, उपेंद्र शुक्ला, संजय तिवारी, संदीप त्रिपाठी, अवधेश शिवहरे, मुकेश गुरुदेव, कपूर सिंह, मनोज मिश्रा, गुमान सिंह, सत्यम सिंह, मंटू तमाम किसान मौजूद रहे।