महोबा। संपत्ति बेचकर दूसरी जगह रहने का दबाव बनाने और प्रताड़ित करने से परेशान युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। मृतक के पिता की तहरीर पर बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कस्बा कुलपहाड़ निवासी तोड़न सिंह यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके बेटे मनोज यादव की शादी छह साल पहले मध्यप्रदेश के चिरवारी गांव निवासी नेहा के साथ हुई थी। शादी के बाद बेटे का ससुर सीताराम, साला पृथ्वी व तेज सिंह उसके घर आने-जाने लगे और यह कहकर दबाव बनाने लगे कि अपनी संपत्ति बेचकर हरपालपुर में रहो। इसी बात को लेकर बहू व ससुरालीजन प्रताड़ित कर अपमानित करते थे। इतना ही नहीं बेटे की सरहज अनीता दो माह से उसके घर में रह रही थी।
आरोप लगाया कि इस दौरान उसने बेटे को जेसीबी भी खरीदकर दे दी थी। जेसीबी को भी ससुरालीजन जबरन उठाकर चार माह से गांव में रखे हैं और बेटे को प्रताड़ित करते हैं। नौ नवंबर की रात नेहा, सरहज अनीता व ससुरालीजनों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसके बेटे मनोज ने आत्महत्या कर ली। उधर, कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा का कहना है कि घटना की तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर पत्नी नेहा, उसके पिता सीताराम, भाई पृथ्वी, तेज सिंह व सरहज अनीता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।