कबरई (महोबा)। कस्बे में एक शादी समारोह में शामिल होने आई महिला अपने तीन बच्चों के साथ लापता हो गई है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा है। इससे महिला के परिजन परेशान हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले महिला का पति भी इसी तरह लापता हो गया था। अब तक उसको भी पुलिस नहीं खोज सकी।
कबरई निवासी शिवप्रसाद ने पुलिस को बताया कि मध्यप्रदेश के बदौराकलां निवासी भाभी संगीता अनुरागी अपने तीन बच्चों हर्षित (11), राज (09) और आयुष (07) के साथ चार दिसंबर को कस्बा कबरई के विशालनगर में माहेश्वरीदीन अनुरागी के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी। सात दिसंबर को वह एक अन्य रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर तीनों बच्चों के साथ चली गई लेकिन 13 दिसंबर तक अपने घर नहीं पहुंची। भाभी के घर न पहुंचने पर जब वह माहेश्वरीदीन के घर पहुंचा, तब मामले की जानकारी हुई। शिवप्रसाद ने बताया कि संगीता का पति महाप्रसाद भी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व लापता हो गया था। उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि महिला और उसके तीनों बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।