महोबा। रंगमंच के कलाकारों को मंच देकर उनकी प्रतिभा में निखार लाने के लिए बुंदेलखंड में थियेटर का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर बुंदेलखंड फिल्म फाउंडेशन की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। ताकि, उभरते कलाकारों को संवाद और अभिनय कला में निपुण किया जा सके।
यह निर्णय रविवार को शहर के एक पैलेस में आयोजित बुंदेलखंड फिल्म फाउंडेशन की बैठक के दौरान लिया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष व मुख्य अतिथि अखिलेश निगम ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने संकल्प लिया कि बुंदेलखंड की लोक विधाओं के कलाकारों को एक मंच पर लाकर उनकी प्रतिभा को निखारा जाएगा।
ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। रंजन श्रीवास्तव, विनोद पुरवार ने कहा सभी को मिलकर अभिनय क्षेत्र को बढ़ाना चाहिए और एक-दूसरे की मदद करना चाहिए। नितेश सिंघल ने कहा कलाकारों को गांव-गांव से ढूंढ कर उनके सपनों को आगे बढ़ाने में संस्था मदद करेगी।
बुंदेलखंड फिल्म फाउंडेशन कलाकारों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने वाला मंच साबित होगा।
जगदीश शिवहरे ने कहा कि बुंदेलखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है लेकिन उन्हें तराशने की जरूरत है।
इस दौरान सौरभ शर्मा, कलाकार संदीप चंदेल, ब्रजेश तिवारी, रोशन नामदेव, रूपेंद्र कुशवाहा, राकेश, सपना, संध्या, पायल, राजकुमार साहू, अमन कुशवाहा, जोकर बॉय, लोकेंद्र बुंदेली आदि मौजूद रहे।