महोबा। शहर के बजरिया रेलवे अंडर पास के समीप चलते डंपर में अचानक आग लग गई। आग का गोला बने डंपर से कूदकर चालक ने किसी तरह जान बचाई। आग की लपटे उठने से हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। हालांकि एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक डंपर जल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला।
जनपद हमीरपुर निवासी चालक मोहम्मद शरीफ कबरई पत्थर मंडी से डंपर में गिट्टी लोड कराकर हमीरपुर के ग्राम नवादा गया था। बुधवार की दोपहर वह गिट्टी खाली करने के बाद खाली डंपर लेकर वापस महोबा लौट रहा था। तभी बजरिया रेलवे अंडर पास के समीप चलते डंपर में आग लग गई। आग की लपटे उठने पर चालक कूद गया। जिससे उसकी जान बच गई। कुछ देर बार आग की लपटे उठने पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस व फायर ब्रिगेड़ को दी गई। सूचना मिलते ही पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक ट्रक जलकर बर्बाद हो गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत न होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इंजन गर्म होने से डंपर में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।