पैगंबर ए इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौम -ए- पैदाइश का जश्न जिले में धूमधाम और जोशों खरोस के साथ मनाया गया। अपरान्ह डेढ़ बजे अब्दुल समद साहब के अस्थाने से जुलूस ए मोहम्मदी निकाला गया, जो हवेली दरवाजा, मकनियापुरा, भटीपुरा, भीतरकोट, बंधानवार्ड परंपरागत मार्गों से होता हुआ देर शाम तक पठानपुरा में समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान लोग हरे परचम लहराते हुए चल रहे थे।
जुलूस ए मोहम्मदी काजी ए शहर सैयद आफाक हुसैन और सैयद फारुख अली के नेतृत्व में निकाला गया। जुलूस के दौरान लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मक्के की आमद मरहवा, सरकार की आमद मरहवा, नबी का दामन नहीं छोड़ेंगे, नारा ए तकबीर अल्लाह हो अकबर की सदाओं से शहर गूंज उठा। जुलूस का जगह जगह हिंदू भाइयों के अलावा व्यापार मंडल, गुलाम ए मुस्तफा कमेटी, खादिमाने हुसैन कमेटी, या बारिश पाक कमेटी, समाजवादी पार्टी ने जगह जगह चाय, दूध और हलवा से स्वागत किया। जुलूस देखने के लिए सुबह से ही आल्हा चौक मार्ग के दोनों तरफ महिलाओं और पुरुषों की भीड़ जमा हो गई । चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे की जामा मस्जिद से जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान लोग देख लो भइया नबी की शान, बच्चा बच्चा है कुर्बान, सबसे प्यारा नबी हमारा आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे। जुलूस घड़ी मस्जिद चौराहा, गोलाघाट होता हुआ जामा मस्जिद में पहुंचकर समाप्त हो गया, जहां पर सजावट करने वाले लोगों को पुरस्कार वितरित किया गया। बेलाताल प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के मोहल्ला जुगियाना से जुलूस निकाला गया, जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। जुलूस में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौला बख्श ने जुलूस में शामिल लोगों का चाय पानी से स्वागत किया। जुलूस का हिंदू भाइयों ने भी स्वागत किया। कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार जीवी इस्लामिया इंटर कालेज प्रांगण से जुलूस की शुरुआत हुई। जो टिलवापुरा, राजावार्ड, बाजार, बस स्टैंड, किशोरी गंज, पुरानी तहसील, नजर बाग, बड़ा तालाब से परंपरागत मार्गों से होता हुआ जीवी इस्लामिया में आकर समाप्त हुआ। जुलूस दौरा जगह जगह लंगर लुटाया गया। अजनर और सुगिरा गांव में भी जुलूस ए मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
मरीजों को लड्डूू बांटकर मनाई खुशियां
अल्लाह के रसूल मोहम्मद साहब की यौम ए पैदाइश (ईदमिलादुन्नबी) पर्व के मौके पर खादिमाने हुसैन कमेटी व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिला अस्पताल में मरीजों को लड्डू वितरित कर खुशियां मनाई। लड्डू पाकर मरीज भी खुश नजर आए। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, रशीद अहमद, राहत, बब्बू लंबरदार, गुड्डू सहित तमाम लोग शामिल रहे।
पैदाइश के वक्त छुड़ाए पटाखे और दागे गोले
जुलूस ए मोहम्मदी के मौके पर शहर के मुख्य मार्गों के अलावा मस्जिदों, मजारों और मकानों में लोगों ने जोरदार सजावट की। मोहम्मद साहब की पैदाइश के वक्त लोगों ने पटाखे छुड़ाकर यौम ए पैदाइश का जश्न मनाया। पूरी रात नातिया कलाम और तकरीर से गूंजती रही। जैसे ही मोहम्मद साहब की पैदाइश का वक्त करीब आया लोगों ने नारा-ए-तकबीर अल्लाह हो अकबर की सदाएं बुलंद कर पटाखे और गोले दागे।