कुएं से रस्सी से शव निकालते ग्रामीण
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। थानाक्षेत्र के एक गांव में शनिवार को सास से विवाद होने पर नाराज बहू ने दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में छलांग दी। इससे तीनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एएसपी की मौजूदगी में दमकल विभाग के जवानों ने कुएं में उतरकर तीनों के शव बाहर निकाले। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्रीनगर थानाक्षेत्र के ग्राम सिजहरी के मोहल्ला अमरईयां निवासी बलवीर अहिरवार मजदूरी करके परिवार चलाता है। बलवीर सास के हाथ में फ्रैक्चर हो जाने के कारण शनिवार को सास को आठ हजार रुपये देने अजनर स्थित ससुराल गया था। बलवीर की मां लीला ने सास को पैसे देने पर आपत्ति जताई। इसको लेकर सास लीला व बहू देवकुंवर के बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा शांत होने के बाद सास बकरियां चराने चली गई।
इसके बाद देवकुंवर(23) बड़ी बेटी साक्षी (03) और तमन्ना (01) को गोद में लेकर खेत की ओर पहुंची, जहां पर बलवीर अहिरवार का कुआं है।। इसके बाद उसने करीब दो बजे दोनों बच्चियों के साथ कुुएं में छलांग लगा दी। थोड़ी देर बाद आसपास के लोग कुएं में पानी लेने पहुंचे तो उन्हें बच्चे उतराते मिले। शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
प्रधान ने पुलिस को घटना की सूचना दी। अपर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार पुलिस टीम व दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल के जवानों ने कुएं में उतरकर रस्सी के सहारे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद बच्चों की मां देवकुंवर को चारपाई में लिटाकर निकाला गया। शाम को ससुराल से लौटे युवक का भी रो-रोकर बुरा हाल है।