महोबा। पर्यटन एवं संस्कृति परिषद महोबा की कार्यकारी समिति की बैठक शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान प्रस्तावित सूर्य महोत्सव के आयोजन पर चर्चा की गई। सूर्य महोत्सव में जनपद के गौरवशाली इतिहास व संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
बैठक में डीएम गजल भारद्वाज ने बताया कि जनपद में प्राचीन सूर्य मंदिर है और सूर्य पूजा का महत्व इस क्षेत्र में रहा है। इस महत्व को विश्व पर्यटन पटल पर स्थापित व प्रचारित करने के लिए जिले में सूर्य महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि सूर्य महोत्सव को जनपद के इतिहास और संस्कृति से जोड़कर आयोजित किया जाए। महोत्सव में रहेलिया सूर्य मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखा जाए। कुछ आयोजन सूर्य मंदिर में भी किए जाएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी ने कहा कि महोत्सव के आयोजन के दौरान बुंदेली और स्थानीय कलाकारों को भी प्रतिभागिता का मौका दिया जाए। इस दौरान जनपद में चल रही पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सदर विधायक ने यूपीपीसीएल व राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को जिले की परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। कहा कि गोरखगिरि पर्वत पर चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए। बैठक में यूपीपीसीएल की ओर से महोबा में पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार से वित्तपोषित सब इंटरप्रिटेशन सेंटर परियोजना की पीपीटी प्रदर्शित की गई। इस मौके पर सीडीओ बलराम कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी देवकुमार यादव, एडीएम कुंवर पंकज, एमएलसी प्रतिनिधि रणविजय सिंह सेंगर, पर्यटन सूचना अधिकरी डॉ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।