थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास बनी मिष्ठान की दुकान में बृहस्पतिवार को सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान आधा दर्जन कारीगर दुकान में ही फंसे रहे। पुलिस व फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर जलते सिलिंडर को मैदान में फेंका। इसके बाद कारीगरों को बाहर निकाला जा सका।
बस स्टैंड के पास मनोज कुमार गुप्ता की कल्पना मिष्ठान के नाम से दुकान है। दुकान का 10 अगस्त को शुभारंभ होना था। इसको लेकर दुकान में साज-सज्जा चल रही थी। साथ ही कई कारीगर कई तरह के पकवान बना रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। कर्मचारी अंदर ही दुकान में फंस गए। आगजनी से अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस व फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर सिलिंडर को मैदान में फेंक दिया। थानाध्यक्ष वीरप्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। थोड़ा बहुत दुकानदार का नुकसान हुआ है। तुरंत सूचना मिलने से हुई फौरी कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।