महोबा। दिवाली पर पटाखों की बिक्री के लिए शहर के बाहर मोदी ग्राउंड में बाजार सजाया जाएगा। यहां 50 दुकानदारों को तीन दिन के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। धनतेरस से दिवाली तक लगने वाले बाजार में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन ने सभी दुकानदारों को टिनशेड की दुकानें बनाने और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने बताया कि दुकानदारों को अस्थायी लाइसेंस दिए जा रहे हैं। निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाई जाएंगी। सभी दुकानदारों से सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पटाखा बाजार में अग्निशमन व्यवस्था के लिए फायर टैंकर मौजूद रहेगा। दुकानदारों को भी अग्नि सुरक्षा से संबंधित जरूरी इंतजाम पूरे रखने होंगे। किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए निगरानी की जाएगी। कहा कि वह स्वयं मोदी ग्राउंड का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान दुकानों की व्यवस्था व सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। मानकों के अनुरूप ही दुकानों को लगाने की अनुमति दी जाएगी। ताकि त्योहार के दौरान पटाखों की बिक्री व्यवस्थित ढंग से हो और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।