थाना क्षेत्र के ग्राम मसूदपुरा में खाना बनाते समय सिलिंडर लीक होने से एक ग्रामीण के मकान में आग लग गई। जिससे भगदड़ मच गई। सिलिंडर को बाहर निकालने के चक्कर में गृहस्वामी का भाई बुरी तरह से झुलस गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया है। बाद में ग्रामीणों ने एकजुट होकर बालू, मिट्टी डालकर सिलिंडर की आग बुझाई।
ग्राम मसूदपुरा निवासी सलीम मोहम्मद पुत्र फूल खां के घर में सलीम की साली नूरी खाना बना रही थी। सिलिंडर लीकेज होने के कारण थोड़ी देर बाद उसमें आग लग गई। जिससे युवती चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकल गई। चीख पुुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़ पड़े।
पहले पानी डालकर आग बुझाई बाद में मिट्टी और बालू डालकर आग पर काबू पाया गया। इसी बीच सिलिंडर को घर से निकालने के चक्कर में गृहस्वामी का भाई गरीब मोहम्मद पुत्र फूल खां आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गया।
घायल को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया। सिलिंडर में आग लगने के बाद एकत्र हुए ग्रामीण सिलिंडर फटने के डर से हिम्मत नहीं जुटा सके। जिससे सिलिंडर से निकली लपटों ने मकान को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाई।