महोबा। शहर के मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय में बीटीसी की आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा के दौरान भीषण गर्मी के चलते एक छात्रा व एक छात्र गश खाकर गिर गए। जिससे परीक्षा दे रहे अन्य छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। आनन फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय में सोमवार को बीटीसी की आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा चल रही थी। इस दौरान भीषण गर्मी व उमस के बीच परीक्षा दे रहे छात्र आलोक व छात्रा रेखा गश खाकर गिर गए। जिससे छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना 108 नंबर एंबुलेंस को दी गई। एंबुलेंस की मदद से दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
अभिभावकों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बीच कालेज में कूलर पंखों की भरपूर व्यवस्था न होने से बच्चे गश खाकर गिर रहे हैं। उधर कालेज की प्राचार्या ज्योति सिंह का कहना है कि एक हाल में चार-चार पंखे लगे हैं। गर्मी अधिक होने से दो परीक्षार्थियों की हालत बिगड़ी। जिनका उपचार कराया गया है।