विकास खंड कार्यालय चरखारी में सोमवार को अमर उजाला के तत्वावधान में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में किसानाें ने अपनी समस्याएं रखीं। इन्हें खेती किसानी के अलावा भी नई जानकारियां दी गईं। चौपाल को सीडीओ, एसडीए और बीडीओ ने भी संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
चौपाल में सीडीओ शिवनारायण ने कहा कि जिले में किसानों को मनरेगा के तहत काम दिया जा रहा है। जॉब कार्ड न होने पर भी किसान काम पा रहे हैं। आधार कार्ड धारक जॉबकार्डधारकाें की मजदूरी का पैसा उन्हें जल्द मिल जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार इतनी योजनाएं चला रही है कि कोई भी किसान भूख से नहीं मर सकता बुंदेलखंड में किसानों की बीमा राशि का प्रीमियम ज्यादा है, लाभ कम मिल रहा ।
अन्य जिलों में प्रीमियम कम और लाभ ज्यादा है। अब बुंदेलखंड में भी अन्य जिलों की तरह बीमा का लाभ मिलेगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से किसान लाभ उठाएं। अन्ना पशुओं को भूसे की जरूरत है।
उपजिलाधिकारी चरखारी ओमवीर सिंह ने कहा कि कोई भी बैंक प्रबंधक किसानों की राहत राशि का पैसा उनके केसीसी खाते में समायोजित करता है तो बैंक प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पब्लिक एसडीएम और डीएम को जानती है। वह सीधे इनसे शिकायत करती है। लेखपालों की शिकायतें मिल रही हैं। यह जांच में सही पाई गईं तो इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। खंड विकास अधिकारी चरखारी महिमा विद्यार्थी ने कहा कि वह किसानों के साथ हैं। किसानों की समस्या का समाधान प्राथमिकता पर होगा।
भारती किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामरतन गुरुदेव ने कहा कि जिले में सूखा नहीं अकाल के हालात हैं। 75 साल की उम्र में सूखे की यह स्थिति कभी नहीं देखी। किसान मर रहा और लेखपाल पूंजीपति हो रहे। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि अमर उजाला ने किसानों के क्षेत्र में चौपाल लगाकर इस तरह का काम किया, जैसे कुअंा खुद प्यासे के पास पहुंचा हो। अमर उजाला की पहल सराहनीय है।
प्रधान संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू यादव ने कहा कि चेक बनाने के नाम पर लेखपाल भेदभाव कर रहे हैं। जिला महामंत्री शिवरतन ने कहा कि अधिकारी किसानों का सपोर्ट नहीं कर रहे हैं।
इस मौके पर निसार अहमद खां, सबुआ के प्रधान प्रतिनिधि सुखदेव यादव, लोहारी ग्राम प्रधान लखनलाल नायक, कमलखेड़ा प्रधान शिवरतन सिंह, कुसरमा प्रधान गुलाब सिंह, रूकमणि प्रधान बल्लाए, प्रधान बालकिशन, अस्तौन प्रधान शांतपाल, सलुआ प्रधान सीता देवी, मोतीलाल वर्मा बीडीसी सदस्य खरेला, ग्राम प्रधान फतेहपुर गुलाब सिंह राजपूत, बम्हौरी प्रधान अखिलेश कुमार सहित तमाम किसानों ने चौपाल को संबोधित किया। यहां नईम खंा हाजी ताजउद्दीन सहित तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधानाचार्य शिव कुमार गोस्वामी ने किया।