कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला हटवारा में शनिवार की देर शाम खेलते समय नौ वर्षीय बालक पैर फिसलने से कुएं में गिर गया। सूचना पर पुलिस और फायर बिग्रेड ने रेस्क्यू किया। तीन घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद बालक को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मोहल्ला हटवारा निवासी सुरेंद्र कुशवाहा का बेटा हनी (9) देर शाम दोस्तोंं के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बस्ती के अंदर बने कुएं के पास पहुंच गया तभी अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने बालक को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन कुएं की गहराई अधिक होने के चलते सफलता नहीं मिली। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और फायर बिग्रेड को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार पंकज गौतम व अभिषेक मिश्रा की देखरेख में रेस्क्यू टीम ने गोताखोरों के साथ राहत कार्य शुरू किया। तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हनी को कुएं से बाहर निकाला गया। अचेत अवस्था में परिजन उसे सीएचसी कुलपहाड़ ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि हनी खेलने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर खोजबीन की तब जानकारी हुई कि वह कुएं में गिर गया है।
घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। लोगों ने प्रशासन से इस तरह के खुले कुएं को ढकने की व्यवस्था शीघ्र कराए जाने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो सके। कोतवाल राधेश्याम वर्मा का कहना है कि कुएं में गिरकर बालक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।