महोबा। महोबा-चरखारी मार्ग पर प्रेम नगर गांव के पास क्रूजर से हुई भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि हादसे में बालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना पनवाड़ी के दिदवारा गांव निवासी कमला का पुत्र दसिया प्रजापति (35) अपने गांव के संतोष (30) पुत्र छेदीलाल, नरेश (29) पुत्र रामचरन और अनुज (4) पुत्र नरेश को लेकर बाइक से रविवार सुबह महोबा से चरखारी की तरफ जा रहा था। महोबा-चरखारी मार्ग पर प्रेमनगर के पास पहुंचते ही बाइक की सामने से आ रही क्रूजर से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग दूर जा गिरे। दुर्घटना होते देख मौके के आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर दौड़ पडे़। खून से लथपथ घायलों को आनन फानन एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डाक्टरों ने दसिया प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलाें के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। उधर मृतक दसिया प्रजापति के परिजनाें का रो-रोकर बुरा हाल है।