महोबा। सहयोगी सेवा संस्थान की अध्यक्ष नेहा चंसौरिया ने शनिवार को भाई दूज के अवसर पर अनाथालय पहुंचकर बच्चों को तिलक लगाकर भाई दूज का पर्व मनाया। साथ ही मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। अध्यक्ष को अपने बीच पाकर बच्चे खासे खुश नजर आए।
शनिवार को भाई दूज के अवसर पर सहयोगी सेवा संस्थान की अध्यक्ष अनाथालय पहुंची। जहां मौजूद बच्चों को तिलक कर उन्हें मिठाई खिलाई। बच्चों ने भी उन्हें रक्षा का वचन दिया। इस दौरान अध्यक्ष को अपने बीच पाकर पर्व पर भी सुनसान पड़े अनाथालय में बैठे बच्चे खासे खुश नजर आए। भैया दूज पर्व पर पहली बार तिलक कराने वाले बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
सहयोगी सेवा संस्थान की अध्यक्ष ने कहा कि पर्वों के अवसर पर अनाथालय के बच्चों को भी खुशी में शामिल करना चाहिए। कहा कि उन्हें ऐसे बच्चों के बीच समय बिताने में संतुष्टि मिलती है। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को हरसंभव मदद करने का भरोसा भी दिलाया।