श्रीनगर (महोबा)। नवरात्र पर्व पर ग्रामीण अंचलाें में खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर गांव अंधेरे में रहेंगे। इससे देवी भक्ताें में खासा आक्रोश है। नव दुर्गा समिति के सदस्याें ने बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता से अविलंब गांव के खराब पड़े ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग की है।
विकास खंड कबरई के ग्राम बिलरही में तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया। पूर्व प्रधान रामेश्वर गुप्ता, दीनदयाल सहित तमाम ग्रामीणाें ने अधिशाषी अभियंता से शिकायत कर ट्रांसफार्मर ठीक कराए जाने की मांग की थी। दुर्गा पर्व शुरू होने के बाद भी महकमे ने न तो ट्रांसफार्मर ठीक करने की जहमत उठाई और न ही दूसरा ट्रांसफार्मर बदला गया। इससे दुर्गा पंडालाें में अंधेरा छाया हुआ है। साथ ही श्रद्धालुआें में खासा गुस्सा है।
इसी तरह पिपरा माफ गांव में 10 दिन पहले ट्रांसफार्मर फुुंक गया था। इससे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। भीषण गर्मी में लोगाें को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नवरात्र पर्व पर गांव में बिजली आपूर्ति ठप होने से दुर्गा पंडाल स्थल तक आने जाने वाले देवी भक्ताें को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके बिजली विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। अवर अभियंता एमपी सिंह वर्मा का कहना है कि स्टोर में ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है। ट्रांसफार्मर की मांग की गई है। ट्रांसफार्मर मिलते ही स्थापित करा दिए जाएंगे।