महोबा। बेसिक शिक्षा मंत्री रामगोविंद चौधरी ने कहा कि सपा सभी वर्गों की पार्टी है और इस पार्टी में सभी वर्गों को सम्मान मिलता है। मुलायम सिंह ऐसे नेता हैं, जिन्हाेंने उत्तर प्रदेश में पहली बार किसानाें का कर्ज माफ किया है। साथ ही किसान दुर्घटना बीमा योजना लागू की है। सांप काटने से किसान की मौत होने पर सपा सरकार पांच लाख रुपये देती है।
बेसिक शिक्षा मंत्री शनिवार को ग्राम निसवारा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन के मौके पर बोल रहे थे। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस ने 40 साल तक शासन किया। बीजेपी ने तीन और बीएसपी ने चार साल सत्ता चलाई। परंतु किसी सरकार ने किसानाें को कुछ नहीं दिया। सपा सरकार बनते ही किसानाें के लिए किसान बीमा योजना, किसानाें की कर्ज माफी जैसे कार्य किए हैं।
पूर्व सांसद विजय बहादुर सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड में खेताें को पानी नहीं है और भाजपा की एक नेत्री किसानाें को पानी मुहैया कराए जाने के बजाय ढाई साल गंगा की सफाई में बर्बाद कर दिया, लेकिन आज तक गंगा की दस फीसदी भी सफाई नहीं हुई। पूर्व मंत्री सिद्धगोपाल साहू ने कहा कि सपा सरकार ने 108 और 102 एंबुलेंस चलाकर गरीबाें को मुफ्त सेवा दी जा रही है। इससे सड़क दुर्घटना होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल भेज दिया जाता है। गरीबाें को अब आसानी से एंबुलेंस सेवा का लाभ मिल रहा है। इस मौके पर राज्यमंत्री रामाधार राजपूत, एमएलसी श्यामसुंदर निषाद, पूर्व विधायक अंबेश कुमारी, छत्रपाल यादव, जिलाध्यक्ष बाबू मंसूरी, पूर्व जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव,रमेश यादव सहित तमाम वक्ताआें ने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में कार्यकर्ताआें और ग्रामीणों को आचार संहिता लागू होने के बाद भी लंच पैकेट बांटकर खुला उल्लंघन किया गया।