महोबा। विकास कार्यों की समीक्षा में अधिकांश अधिकारी डीएम की कसौटी पर खरे नहीं उतरे। डीएम ने नाराजगी जताते हुए अफसरों को तीन दिन की मोहलत दी। वहीं एक अधिकारी के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराने और तीन अधिकारियाें के विरुद्ध आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्याें की समीक्षा में डीएम ने पाया कि अधिकांश अधिकारी जिम्मेदारियाें पर खरे नहीं उतरे। उन्हाेंने कहा कि बिजली चोरी रोकने को विशेष अभियान चलाया जाएगा। सी एंड डी एस को 50-50 लाख रुपये विभिन्न योजनाआें के निर्माण के लिये भुगतान किए जाने के बावजूद अभी तक कार्य प्रगति नहीं लाई गई। डीएम ने सी एंड डी एस के अधिकारी के विरुद्ध शासकीय धन गबन करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने के सीडीओ को आदेश दिए।
समीक्षा बैठक में फैक्स पैड के अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इनका एक दिन का वेतन रोका गया। गर्मी को देखते हुए जल निगम, जल संस्थान और बिजली विभाग को कड़े निर्देश दिए। ब्लाक जैतपुर में संतोष कुमार तिवारी, पनवाड़ी में अनंतराम अनुरागी, चरखारी में बाबूलाल वर्मा द्वारा समूह गठन में रुचि न लेने पर एक-एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। बताया कि पचपहरा प्रधान द्वारा शासकीय कार्यो में सहयोग नहीं किया जा रहा है। डीएम ने इन्हें एक सप्ताह का नोटिस देकर खाता बंद करने के आदेश दिए। बैंकाें के साथ बैठक न करने पर हथकरघा उद्योग के अधिकारी को चेतावनी दी गई।