अजनर/महोबा। उप जिलाधिकारी कुलपहाड़ मोहम्मद रिजवान ने बृहस्पतिवार को विकास खंड जैतपुर के गेहूं क्रय केंद्राें का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारी कल्याण निगम का क्रय केंद्र बंद पाए जाने पर एसडीएम बिफर गये।
डीएम अनुज कुमार झा के निर्देश पर गठित की गई टीम द्वारा गेहूं क्रय केंद्राें का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को एसडीएम कुलपहाड़ ने कस्बा बेलाताल के क्रय केंद्राें का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारी कल्याण निगम का क्रय केंद्र बंद पाया गया। वहीं पीसीएफ क्रय केंद्र पर कर्मचारी नदारद पाए गये। हालांकि बाद में एसडीएम के पहुंचने की खबर पाकर केंद्र पर पहुंच गये। जिस पर एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई।
बाद में एसडीएम ग्राम अजनर के पीसीएफ गेहूं क्रय केंद्र जा पहुंचे, जहां गोदाम खरीदे गये गेहूं से भरा पड़ा था। केंद्र प्रभारी ने एसडीएम को उठान न होने की समस्या से अवगत कराया। जिस पर एसडीएम ने उठान की समस्या को जल्द से जल्द निस्तारित कराए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्हाेंने अभिलेख भी देखे और किसानाें को किये गये भुगतान के बाबत जानकारी ली। एसडीएम के औचक निरीक्षण से क्रय केंद्र प्रभारियाें में खलबली मच गई है। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।