चरखारी (महोबा)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचमपुरा के प्राथमिक विद्यालय में टेबल को लेकर हुए विवाद में शिक्षामित्र ने टीचर के साथ मारपीट कर दी। बाद में अपने पति को बुला लिया और दोनाें टीचर को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली चरखारी में शिक्षामित्र और उसके पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
कस्बे के मोहल्ला खंदियापुरा निवासी अर्चना सोनी प्राथमिक विद्यालय पंचमपुरा में टीचर के पद पर तैनात हैं। सोमवार को शिक्षामित्र सुमन परिहार निवासी नजरबाग चरखारी उसके कक्ष में आ र्गइं और वहां रखी टेबल उठाकर अपने कक्ष में ले जाने लगीं। टीचर ने टेबल ले जाने से मना किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर शिक्षामित्र ने टीचर के साथ मारपीट कर दी और उन्हें जमीन पर पटक दिया। बाद में अपने पति जगदीश परिहार को बुला लिया और टीचर को जान से मारने की धमकी देते हुए चली गई। टीचर की तहरीर पर कोतवाली चरखारी में शिक्षामित्र सुमन परिहार और उसके पति जगदीश परिहार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्दीकी का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।