खरेला महोबा। बाबू रामेश्वर सिंह महाविद्यालय से घर लौट रहे छात्र को दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने अगवा कर लिया। परंतु ग्रामीणों की सजगता से पुलिस ने उसे बीएसएनएल टावर के कमरे से अचेतावस्था में मुक्त करा लिया। पुलिस के आने की भनक लगते ही अपहरणकर्ता चारों बदमाश भाग जाने में सफल रहे। बदमाशों ने अपह्त छात्र के साथ मारपीट भी की। अपह्रत छात्र के मामा ने चार लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बांदा के ग्राम अमुवा निवासी जितेंद्र (19) कस्बा खरेला में मामा के यहां रहकर महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहा था। शुक्रवार को छुट्टी होने के बाद छात्र पैदल घर जा रहा था। तभी पीछे से आए बाइकों पर सवार चार बदमाशाें ने जितेंद्र को पकड़ कर बाइक पर बैठा लिया और मुंह दबाकर शनिश्चरी बाजार में लगे बीएसएनएल टावर के कमरे में ले जाकर उसे बंधक बनाकर लाठी डंडाें से पीटा। चीख पुकार सुनकर कुछ लोग पहुंच गए। बाद में पुलिस को सूचना दी।
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस बल टावर में जा पहुुंचा, जहां कमरे में बेहोशी हालत में मिले छात्र को मुक्त कराया। नाजुक हालत में छात्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला में भर्ती कराया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। छात्र के मामा चरन सिंह ने चार लोगाें के खिलाफ थाना खरेला में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस अपहरणकर्ताआें की तलाश में जुट गई है, लेकिन अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।