चरखारी (महोबा)। वाणिज्य कर विभाग की टीम ने छापा मारकर ट्रक में लदे 182 बोरा गेहूं बरामद किए।
छापे के दौरान मौका मिलते ही ट्रक चालक और क्लीनर भाग निकले। टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली चरखारी में खड़ा करा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाली चरखारी के बगरौन गांव में बुधवार को वाणिज्य कर अधिकारी आरपी त्रिपाठी ने टीम के साथ छापा मारा। यहां मध्य प्रदेश से दिल्ली गेहूं ले जाने का परमिट जारी कराने के बाद बगरौन से अनाज लादकर दिल्ली जाने के लिए ट्रक तैयार खड़ा था। छापा पड़ते ही ट्रक चालक और क्लीनर भाग निकले। ट्रक में 182 बोरा गेहूं लदा था। तलाशी लेने पर ट्रक में मध्य प्रदेश से दिल्ली गेहूं ले जाने का परमिट मिला। मौके पर गेहूं के कारोबार से जुड़ा कोई व्यक्ति न मिलने पर वाणिज्य कर अधिकारी ने पुलिस की सुपुर्दगी में कोतवाली में गेहूं लदा ट्रक खड़ा करा दिया। वाणिज्य कर विभाग की कार्रवाई से काफी समय से कर चोरी करके लाखाें रुपये का व्यापार करने वाले व्यापारियाें में खलबली मच गई है। वाणिज्य कर अधिकारी ने बताया 182 बोरा गेहूं लदा ट्रक पकड़ा गया है। धंधे से जुड़े लोगों की जांच की जा रही है। कोतवाली चरखारी की सुपुर्दगी में ट्रक खड़ा करा दिया गया है।