महोबा। रेलवे की नाकामी के बाद कुंभ मेले में फंसे श्रद्धालुआें को उनके गृहनगर पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने 60 बसें इलाहाबाद भेज दी हैं। इसके चलते दिल्ली, लखनऊ, आगरा सहित कई लंबे रूट की बसें रद्द हो गई हैं। अन्य शहरों के लिए बसें ना मिलने से यात्री खासे परेशान रहे।
कुंभ मेले में पर्वों पर 40 बसें इलाहाबाद के लिए चलाई जा रही थीं। परिवहन निगम के आदेश के बाद महकमे ने इलाहाबाद के बेडे़ में कई लंबे रूटाें की 20 और बसाें का इजाफा कर दिया है। गौरतलब है कि महोबा-दिल्ली वाया कानपुर, उरई-दिल्ली, मुस्करा-दिल्ली, महोबा-आगरा वाया चंदला, बांदा-मथुरा, कानपुर-सागर, महोबा-पीलीभीत, लखनऊ सहित कई बसाें को उनके निर्धारित मार्गों पर न भेजकर इलाहाबाद भेज दिए जाने से इन रूटाें पर बसाें का टोटा रहा।
सोमवार और मंगलवार को लंबी दूरी की बसें न चलने से यात्रियाें को खासी दिक्कताें का सामना करना पड़ा। दिन भर यात्री बसाें के इंतजार में बैठे रहे। कई यात्रियों को अपनी यात्रा भी रद्द करनी पड़ी। महोबा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनके सुमन ने बताया कि लखनऊ और दिल्ली जाने वाली बसें वाया कानपुर होकर इलाहाबाद भेज दी गई हैं। वहीं अन्य बसाें को वाया बांदा होकर इलाहाबाद भेजा गया है।
शादी और टूर के लिए बुकिंग बंद
महोबा। महोबा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनके सुमन ने बताया कि शादी और टूर के लिए रोडवेज बसाें की बुकिंग नहीं की जा रही है। मेला पर्व के चलते पहले से ही रोडवेज बसाें की बुकिंग बंद कर दी गई थी। लेकिन अब इलाहाबाद में फंसे श्रद्धालुआें को वापस लाने के लिए मेला स्पेशल गाड़ियाें की संख्या में बढ़ोतरी कर दी गई है।