महोबा। जिले में खरीफ व रबी फसल के दौरान ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को आपदा राहत के लिए मिली धनराशि प्रशासन नहीं खर्च कर पाया। 87 लाख रुपये गुरुवार की देर शाम शासन को लौटा दिए गए।
जिले की महोबा, कुलपहाड़ व चरखारी तहसील से जुड़े गांवों में रबी फसल के दौरान भारी बारिश व ओलावृष्टि से सैकड़ों किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। खरीफ व रबी फसल में हुई क्षति की भरपाई के लिए शासन से मांग की थी लेकिन जिले के किसानों के लिए मिले मुआवजे की धनराशि राजस्व विभाग वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन तक शत-प्रतिशत खर्च करने में नाकाम रहा।
अतिवृष्टि से हुए नुकसान को मिले 11.73 करोड़ में से 14 लाख और ओलावृष्टि से हुई क्षतिपूर्ति को मिले 15.73 करोड़ में से 73 लाख रुपये का मुआवजा बच गया। गुरुवार को दोनों फसलों में शेष बची 87 लाख रुपये की धनराशि शासन को लौटा दी गई।
अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा का कहना है कि सभी किसानों को मुआवजे की राशि का वितरण कर दिया गया है। शेष धनराशि लौटा की गई है। यदि कुछ किसान शेष रह जाते हैं तो दोबारा शासन से धनराशि की मांग की जाएगी।