ट्रेन में संदिग्ध अवस्था में पकड़ी गईं किशोरी व युवती
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग के दौरान जीआरपी ने एक किशोरी व एक युवती को संदिग्ध अवस्था में यात्रा करते पकड़ा। पूछताछ में बताया कि वह चार दिन पहले परिजनों से नाराज होकर निकली थी। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी थानाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, उपनिरीक्षक राजेश कुमार व मुख्य आरक्षी महिला अमृता सिंह आदि ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग के दौरान वैशाली सैनी (17) पुत्री विष्णु सैनी व राजनंदिनी सैनी (21) पुत्री मुकेश सैनी निवासी प्रताप वार्ड ग्राम पनागर जिला जबलपुर मध्यप्रदेश को संदिग्ध अवस्था में देखा। प्रारंभिक पूछताछ में उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। थाना जीआरपी महोबा लाकर महिला हेड कांस्टेबल अमृता सिंह की उपस्थिति में गहनता से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि हम दोनों 10 फरवरी से घरवालों से नाराज होकर चले आए हैं। पहले हम दिल्ली गए फिर भोपाल उसके बाद झांसी होकर प्रयागराज जा रहे थे। किशोरी और युवती के परिवारीजन व संबंधित थाने से जानकारी की गई तो पता चला कि दोनों लड़कियां 10 फरवरी से बिना बताए घर से गायब हैं। इस संबंध में थाना पनागर जबलपुर में मुकदमा दर्ज है। सूचना पर थाना पनागर पुलिस व लड़कियों के परिजन जीआरपी पहुंचे तब दोनों लड़कियों को इनकी सुपुर्दगी में दिया गया।