एक फायर ब्रिगेड के भरोसे जिले की आग
- दमकल गाड़ी पहुंचने से पहले ही जलकर हो जाता सबकुछ खाक
02 परिचय- स्टेशन में खड़ी दमकल गाड़ी
नईमुर्रहमान
महोबा। जिले में अग्निशमन विभाग की हालत बेहद खराब हैं। आग बुझाने के लिए तो पर्याप्त अग्निशमन गाड़ियां है और न ही संसाधन हैं। जिससे आग लगने पर गाड़ी पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो जाता है। अग्निशमन विभाग से तहसील क्षेत्र के गांव और कस्बों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। तीन दशक पहले फायर ब्रिगेड में पानी भरने को बनाए गए आधा दर्जन से ज्यादा हाईडेंट जमींदोज हो गए हैं। कही पर उनके ऊपर इमारतें कार्यालय बन गए हैं तो कहीं पर उनके ऊपर से सड़कें निकल गई।
गौरतलब है कि जनपद में महोबा, चरखारी और कुलपहाड़ तीन तहसील है। प्रत्येक तहसील में एक एक दमकल गाड़ी की व्यवस्था का प्रावधान है लेकिन जिले की चरखारी और कुलपहाड़ तहसील में एक भी दमकल गाड़ी नहीं है जबकि इन तहसीलों के गांव की जिला मुख्यालय से दूरी 55 से 65 किमी दूर है। ऐसी स्थिति में इन गांव में आग लगने पर सूचना देने पर दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही जलकर राख हो जाता है। तहसील मुख्यालय में दमकल गाड़ियां न होने का खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीणों को भुुगतना पड़ रहा है।
तीन दशक पहले भीतरकोट, सुभाष चौक, मनिया देव के पास आधा दर्जन स्थानों पर दमकल गाड़ियों में पानी भरने के लिए हाईडेंट बनाए गए थे। आग लगने पर तत्काल इन हाईडेंटों से पानी भर लिया जाता था लेकिन बढ़ती आबादी के साथ बहुत कुछ बदल गया। कही पर हाईडेंटों के ऊपर से सड़कें निकल गई तो कहीं पर इमारतें बना दी गई। जिससे हाईडेंट ही खत्म हो गए। अब पानी के लिए टयूबवेल तो कहीं जल संस्थान के प्वाइंटों से पानी भरना पड़ रहा है। प्रभारी एफएसओ अनिल बाजपेई का कहना है कि जिले के गांवों का कोई नक्शा नहीं है। कालर से बात करते हुए घटना स्थल पर पहुंच जाते हैं।
इनसेट
ये हैं दमकल में पानी भरने के प्वाइंट
हाईडेंटों के जमींदोज हो जाने के बाद अब दमकल विभाग के जवान पानी भरने को जल संस्थान के ट्यूबवेल व अन्य प्वाइंटों से पानी भर रहे हैं। फायर स्टेशन में बना टैंक, चरखारी बाईपास में आदर्श भंडार के पास बना हाईडेंट, बाईपास पर ही जल संस्थान का फिलिंग प्वाइंट इसके अलावा स्टेडियम के पीछे बने जल संस्थान के प्वाइंट से दमकल गाड़ियों में पानी भरा जाता हैं।
इनसेट
दमकल विभाग द्वारा प्रस्तावित हाईडेंट
कीरत सागर के पास, राजकीय एम.एल. इंटर कालेज के पास, कानपुर सागर हाइवे में कलक्ट्रेट मोड़ पर तिराहे के पास, कांशीराम आवास योजना के नलकूप एवं पुलिस लाइन के ओवरहेड टैंक पर और फायर स्टेशन पर हाईडेंट बनाने का अग्निशमन अधिकारी ने प्रस्ताव शासन को भेजा है।
इनसेट
सीएम के कार्यक्रम में जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हुई थी गाड़ी
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के 22 अक्तूबर 2017 को जिले के कस्बा चरखारी में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर जिला मुख्यालय से भेजी गई एक दमकल गाड़ी जिला मुख्यालय से 12 किमी दूर करहरा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे अब जिला मुख्यालय में मात्र एक गाड़ी बची है। महकमे ने कई बार पत्राचार कर दूसरी गाड़ी भेजे जाने की मांग की लेकिन आजतक दूसरी गाड़ी नहीं भेजी गई। जिससे एक गाड़ी के भरोसे जिले की आग बुझाई जा रही हैं।