महोबा। जनपद में पांच केंद्रों पर 7,680 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में समन्वय बैठक आयोजित हुई। इस दौरान सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय ब्लॉक-ए, ब्लॉक-बी, पीएमश्री जीजीआईसी, जीआईसी और डीएवी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक पाली में 1,920 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने परीक्षा केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने, परीक्षार्थियों की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली आपूर्ति आदि आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने व यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।