महोबा। थाना कबरई के ग्राम पहरा की आरक्षित जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाए दबंग पौधरोपड़ अभियान में रोड़ा बन रहे हैं। 15 अगस्त को होने वाले वृहद पौधरोपड़ के लिए ग्राम पहरा की आरक्षित भूमि पर गड्ढे खोद रहे आधा दर्जन श्रमिकों को दबंगों ने खदेड़ दिया और उनके जाब कार्ड भी फाड़ दिए। घटना से नाराज श्रमिकों और प्रधान प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई और अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की है।
प्रदेश सरकार द्वारा भले ही गांव की आरक्षित जमीन पर काबिज भू-माफियों को हटाने का अभियान चलाकर जमीन को खाली कराने का दावा किया जा रहा हो,लेकिन गांव स्तर पर अवैध काबिज भूमाफिया सरकारी अभियान की पोल खोल रहे है। विकास खंड कबरई के ग्राम पहरा में ऐसा ही मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राममिलन कुशवाहा के साथ शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे डेढ़ दर्जन ग्रामीण श्रमिकों ने शिकायती पत्र देकर भू-माफियाओं के दबंगई की व्यथा सुनाई।
शिकायती पत्र में बताया कि ग्राम समाज की भूमि गाटा संख्या 1736 व 1738 आरक्षित भूमि है। काबिज गांव के दबंगों का कब्जा हटाने के लिए लेखपाल ने मौके में नाप करके जमीन को कब्जामुक्त करा दिया था। जिसपर ग्रामसभा में होने वाले पौधरोपड़ के तहत श्रमिकों को लेकर गड्ढे खुदावाए जा रहे थे। शुक्रवार की सुबह नौ बजे श्रमिक जब आरक्षित भूमि पर गड्ढे खोदने लगे तभी भू-माफिया आ धमके। उन्होंने दबंगई दिखाते हुए प्रधान प्रतिनिधि और श्रमिकों के साथ गाली गलौच की और श्रमिक राकेश, तिजवा के जाब कार्ड फाड़कर फेंक दिए। धमकी देते हुए श्रमिकों को पौधरोपड़ कार्य से खदेड़ दिया। जिलाधिकारी सहदेव ने थाना करबई पुलिस और राजस्व महकमे को कार्रवाई के लिए आदेश दिया है।
गड्ढा खोद रहे श्रमिकों को भू-माफियाओं ने खदेड़ा
-आरक्षित भूमि पर कब्जा जमाए दबंगों ने फाड़े जॉब कार्ड
-प्रधान प्रतिनिधि और श्रमिकों ने डीएम से की शिकायत