महोबा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को मतदान कराया जाएगा। जनपद के नौ पोलिंग स्टेशनों पर 7,033 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।
मतदान के लिए तहसील भवन महोबा, नगर पालिका महोबा, राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर, नगर पंचायत कार्यालय कबरई, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भवन खन्ना, तहसील कुल पहाड़, ब्लॉक कार्यालय पनवाड़ी, तहसील चरखारी और तहसील चरखारी द्वितीय को पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। यहां 4,994 पुरुष व 2,039 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डीएम प्रभास कुमार ने कलक्ट्रेट में मतदान की तैयारियों, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री के वितरण, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की निगरानी की समीक्षा की।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी शशांक सिंह, एडीएम वित्त इंद्रनंदन सिंह, एडीएम नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।