कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बे के जय बुंदेलखंड महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को शासन स्तर से मिलने वाला स्कालरशिप एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं मिली। समाज कल्याण विभाग द्वारा खाते में धनराशि न भेजे जाने से छात्र-छात्राएं परेशान है। बुधवार को कालेज के छात्र-छात्राओं ने उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ को शिकायती पत्र देकर स्कालरशिप दिलाए जाने की मांग की।
जय बुंदेलखंड महाविद्यालय कुलपहाड़ के डीएलएड (बीटीसी) 2018-19 प्रथम वर्ष के लकी त्रिपाठी, मोहिनी, लवकुश मिश्रा, आदेश, राममिलन, ममता, ज्योति सोनी, अभिलाषा, प्रीति सहित एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करते एक साल हो गया लेकिन समाज कल्याण विभाग ने आज तक खाते में धनराशि नहीं भेजी जबकि समय से स्कालरशिप के फार्म आनलाइन भर दिए गए थे। अगर प्रथम वर्ष में स्कालरशिप की राशि प्राप्त नहीं होती है, तो वह द्वितीय वर्ष में भी शासन की इस योजना से वंचित रह जाएंगे। उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ ने इसे गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण अधिकारी से वार्ता कर छात्र-छात्राओं की समस्या का निराकरण कर स्कालरशिप भेजे जाने के लिए कहा है।
एक साल बीतने के बाद भी नहीं मिली स्कालरशिप