महोबा। जिले में हजारों की संख्या में घूम रहे अन्ना जानवरों की व्यवस्था कराए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मनरेगा योजना से अन्ना जानवरों की व्यवस्था कराने और पशुओं के लिए चरवाहे लगवाए जाने की मांग की है। ताकि किसानों की खेतों में बोई गई फसल को बचाया जा सके।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष आफाक सरवार के नेतृत्व में तुलसीदास लोधी, अजीज खान, घासीराम, सुरेंद्र द्विवेदी, सुनीता सोनी, उमा तिवारी, नंदराम राजपूत, रामआसरे, अजय बरसैया समेत आधा सैकड़ा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी सहदेव को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जिले में हजारों की संख्या में अन्ना पशु आवारा घूम रहे हैं, जिससे किसान परेशान है। किसानों का सुझाव है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के तहत किसी सरकारी जमीन पर दो बीघा में तारबाड़ी कराकर अन्ना पशुओं को रात के समय का इंतजाम किया जाए और दिन में उन अन्ना पशुओं के लिए चरवाहे लगवाए जाए, जिससे किसानों की फसल बचेगी और बेरोजगार ग्रामीण मजदूरों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने मनरेगा योजना के तहत जिले के सभी ग्रामों में अन्ना पशुओं की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही अन्ना जानवरों की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया है।
अन्ना जानवरों को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन
- मनरेगा से अन्ना जानवरों की व्यवस्था व चरवाहे लगवाने की मांग
- किसानों की समस्या को लेकर आगे आए कांग्रेस कार्यकर्ता