सम्मेलन में नवदंपती जोड़ों को आर्शीवाद देते अधिकारी व जनप्रतिनिधि। संवाद
- फोटो : सम्मेलन में नवदंपती जोड़ों को आर्शीवाद देते अधिकारी व जनप्रतिनिधि। संवाद
महोबा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को नगरीय व ब्लॉक क्षेत्र से आए 58 जोड़ों की शादियां कराई गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाया। विदाई के दौरान सभी की आंखें नम हो गईं। इसके बाद नवविवाहिताएं अपने जीवन साथी के साथ ससुराल के लिए रवाना हुईं।
नगर पालिका की ओर से शहर के छतरपुर रोड स्थित कम्युनिटी गार्डन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। सुबह से ही वर व वधू पक्ष के लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान नगरीय क्षेत्र के नौ, ब्लॉक चरखारी के 13, पनवाड़ी व जैतपुर के 10-10 और कबरई के 16 जोड़ों के विवाह कराए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, एमएलसी प्रतिनिधि रणविजय सिंह सेंगर, सीडीओ हरेंद्र सिंह, समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन नायक व बीडीओ कबरई सौम्या आलोक ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को उपहार भी भेंट किए गए। साथ ही कन्या के खाते में 35-35 हजार रुपये भेजे गए।