पंचायत चुनाव के सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 575 प्रत्याशियों ने प्रधान पद के लिए पर्चे दाखिल किए। नामांकन के दौरान विकासखंड कबरई में समर्थकों और प्रत्याशियों की भारी भीड़ जुटी। सुबह से ही नामांकन कराने पहुंचे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
विकासखंड कबरई में प्रथम चरण में ग्राम पंचायत की 84 सीटों के लिए 28 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। सोमवार को नामांकन के पहले दिन विकासखंड कबरई के तीन कक्षों में 13 काउंटरों पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों ने पर्चे दाखिल किए।
सुबह नौ बजे से ही नामांकन कराने के लिए प्रत्याशी और समर्थक ब्लाक कबरई पहुंचकर खिड़कियों में पहले से ही लाइन लगाकर खड़े हो गए। नंबर आते ही प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटती देख सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए।
सुबह से हुई नामांकन प्रक्रिया चार बजे तक चलनी थी, लेकिन भारी भीड़ देख डीएम के आदेश पर शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र भरे गए। नामांकन के लिए अलग अलग काउंटरों में करीब तीन दर्जन से ज्यादा कर्मचारी लगाए गए।