संवाद न्यूज एजेंसी
कुलपहाड़ (महोबा)। बिजली विभाग की जर्जर हाईटेंशन लाइन कस्बे समेत क्षेत्र के 50 गांवों के लोगों के लिए परेशानी बनी है। गुरुवार की शाम एक बार फिर हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से मुख्य पावर हाउस समेत यहां से जुड़े तीन सब स्टेशनों की आपूर्ति ठप हो गई। जिससे क्षेत्र के कस्बा कुलपहाड़ समेत 50 गांवों में 14 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार की सुबह आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
महोबा व कुलपहाड़ के बीच शाम करीब पांच बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। जिससे कुलपहाड़ स्थित 33 केवी पावर हाउस व इससे जुड़े क्षेत्र के कुलपहाड़, जैतपुर व अजनर सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कस्बा समेत सुगिरा, मुढ़ारी, लाड़पुर, बागौल, अतरपठा समेत 50 गांव अंधेरे में डूब गए। खेतों में स्थित ट्यूबवेल न चलने के कारण रबी फसल की तैयारी में जुटे किसान सिंचाई न होने से पूरी रात परेशान रहे। हालांकि सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त करने में जुट गए।
करीब 14 घंटे बाद शुक्रवार की सुबह सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। उधर, कुलपहाड़ नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया ने बताया कि अक्सर तार टूटने से कुलपहाड़ क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रहती है। इसका स्थायी समाधान कराया जाए। बिजली विभाग के जेई जयवीर सिंह का कहना है कि रात में ही कर्मचारियों को बुलाकर तार दुरुस्त करने की कोशिश की गई लेकिन लाइन दुरुस्त करने में समय लगा। सुबह आपूर्ति बहाल करा दी गई।