संगीत नाटक कला अकादमी दिल्ली की ओर से 49 प्रसिद्ध आल्हा गायकों और वादन विधा के कलाकारों को गुरुवार को उपजिलाधिकारी चरखारी ने तीन लाख रुपये से अधिक धनराशि की चेक वितरित कीं। आल्हा सम्राट स्वर्गीय नाना शिवराम सिंह के पुत्र ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र दिए।
बुंदेलखंड के प्रसिद्ध आल्हा गायक स्वर्गीय शिवराम सिंह नाना की 75 वीं पुण्य स्मृति में गुरु शिष्य परंपरा से जुड़े कार्यक्रम में आल्हा गायन प्रस्तुत करने वाले अंतरजनपदीय 49 कलाकारों को सम्मानित किया गया।
केंद्र सरकार की संगीत नाटक कला अकादमी दिल्ली के चयनित कलाकारों को गायन वादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन और लोकविधा को जीवंत रखने के लिए आठ हजार से लेकर पांच पांच हजार रुपये की चेक दी गईं।
गुरुवार को कस्बा में आयोजित आल्हा गायन सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि चरखारी उपजिलाधिकारी ओमवीर सिंह यदुवंशी, पूर्वश्रम मंत्री बादशाह सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष ने आल्हा गायक बाबा रमाशंकर बकरई, वंशगोपाल यादव पचपहरा, चंद्रभान सिंह, आल्हा सम्राट बच्चा सिंह, चरन सिंह तमौरा, अनिरुद्ध सिंह, रामनारायण सिंह, अर्पित सिंह, रोहित, अशोक कुमार,
प्रभुदयाल, ब्रजेश कुमार, प्रेम नारायण सहित 29 गायन विधा से जुड़े कलाकारों और मजीरा वादन विधा के लिए सुखदेव सिंह बिदावर, कल्लू सिंह, महेश सिंह, भवानी सिंह, जयहिंद, जयसिंह, रामकुमार, महेश, शिव सिंह, रामबली, रघुवीर सहित 20 कलाकारों को चेक, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता पद्म प्रताप सिंह, शिवपाल सिंह, कन्हैया सिंह, श्याम सिंह, आशीष सिंह उर्फ छुन्ना, वीरेंद्र सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी अनुपम सिंह ने किया। आयोजन प्रमुख नाना उत्तम सिंह ने आगंतुक अतिथियों का आभार जताया।