नगर पालिका परिषद सभागार में हुई बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए 41.10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। भारी भरकम बजट स्वीकृत होने से नगर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। सड़काें के निर्माण के साथ-साथ पार्कों का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। साथ ही हर वार्ड में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बारातशाला बनाए जाएंगे।
शहर में इंटर लॉकिंग और सड़काें के निर्माण में 18 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बिजली के खंभे और सोडियम लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा मुख्य चौराहाें पर एलईडी लाइट भी लगाई जाएंगी। नगर पालिका परिसर में पुस्तकालय खोले जाने के लिए भी सभासदाें ने हरी झंडी दे दी है। नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा अनुरागी ने बताया कि सभासदाें की आम सहमति से 2.50 करोड़ रुपये से प्रत्येक वार्ड में बारातशाला बनाए जाएंगे। जिससे मध्यम और गरीब वर्ग के लोगाें को बेटियाें की शादी में लाभ मिल सके। इसके अलावा शहर में इंटर लॉकिंग, नाला निर्माण व अन्य विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे। बैठक में आम सहमति से सभी प्रस्ताव पास कर दिए गए हैं। बैठक में उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी प्रबुद्ध सिंह, नगर पालिका सभासद मोहम्मद ईसराफील, राजकुमार, कुंवर चौरसिया, इमरान, अजमेरी, हाजरा, ऊषा वर्मा, रीना मिश्रा, दिनेश चौरसिया, सलमा बेगम सहित तमाम सभासद मौजूद रहे।