महोबा। जनपद चित्रकूट में आयोजित दीपदान मेले में शामिल होने के लिए महोबा से भारी संख्या में श्रद्धालु रवाना हुए। यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो की ओर से दस अतिरिक्त बसें चलाई गई। साथ ही राठ, मुस्करा व बांदा रूट पर चलने वाली 28 बसों को चित्रकूट तक विस्तारित किया गया। रेलवे की ओर से दो मेला स्पेशल ट्रेनें भी चलाई गईं। इससे यात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिली। हर आधा घंटे में बस होने से चित्रकूट जाने वाले लोग आसानी से आ-जा सके।
दिवाली पर्व पर रोडवेज की बसों में यात्रियों की अधिक भीड़ नजर आई। जनपद महोबा से बड़ी संख्या में लोग दीपदान मेले में शामिल होने के लिए चित्रकूट रवाना हुए। यात्रियों बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम की ओर से चित्रकूट के लिए दस अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। महोबा डिपो के बेड़े में इस समय 136 बसें शामिल हैं। सोमवार को रोडवेज परिसर में सुबह से भीड़ जुटी रही। बसों के आते ही सीटें फुल हो गईं। ऐसे में बांदा-चित्रकूट रूट पर आधे-आधे घंटे में बसों का संचालन किया गया। डिपो प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि चित्रकूट के लिए फिलहाल दस अतिरिक्त बसों को लगाया गया है। महोबा, राठ व मुस्करा से बांदा जाने वाली 28 बसों को भी चित्रकूट तक के लिए विस्तारित किया गया है। सभी चालकों व परिचालकों को अलर्ट किया गया है। यदि यात्रियों की भीड़ और बढ़ती है तो चित्रकूट के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।