महोबा। मंडल स्तर पर जनपद बांदा में संचालित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा छह और नौवीं में प्रवेश के लिए रविवार को शहर के राजकीय मुकुंदलाल इंटर कॉलेज में परीक्षा का आयोजन हुआ। इस दौरान 335 परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से अटल आवासीय विद्यालय जनपद बांदा के ब्लॉक बड़ोखरखुर्द के ग्राम अछरौड़ में संचालित है। इस विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 की महामारी के दौरान अनाथ हुए बच्चों व मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत पात्र बच्चों का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लिया जाना है। कक्षा छह में 160 व कक्षा नौवीं में 62 सीटों पर प्रवेश दिए जाना है। इसके लिए पूर्व में आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई थी। आवेदन पत्रों की जांच की गई। शहर के राठ सड़क स्थित राजकीय मुकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज में प्रवेश परीक्षा हुई। जिसमें 343 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 335 ने परीक्षा दी जबकि आठ छात्र अनुपस्थित रहे। मूल्यांकन के बाद जल्द ही प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। इसके बाद प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों की दाखिला प्रक्रिया पूरी होगी।