श्रीनगर (महोबा)। विकासखंड कबरई के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय भैरोगंज श्रीनगर में अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत शिक्षा अधिकार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि प्रधानाध्यापक मुन्नी देवी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार सभी को मिला है। बेहतर शिक्षा और सुरक्षा से ही छात्राओं को मुकाम मिलेगा। इस दौरान छात्राओं को नारी गरिमा की शपथ दिलाई गई।
उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज से ही राष्ट्र की तरक्की संभव है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम में सभी को बराबरी का अधिकार है। अभिभावकों को चाहिए कि वह बेटों के समान बेटियों को भी बेहतर और उच्च शिक्षा दिलाएं। ताकि वह पढ़कर अपना मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों क्षेत्रों में अभी भी तमाम अभिभावक बेटों और बेटियों में फर्क समझते हैं।
सहायक अध्यापिका निशा शुक्ला ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े उपाय बताए। कहा कि सरकार द्वारा छात्राओं व महिलाओं के लिए विभिन्न कानून बनाए गए हैं। किसी प्रकार की घटना होने पर 1090 और 100 नंबर डायल कर सूचना दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएं स्वयं जागरूक हों और अपने अधिकारों को पहचानें। उत्पीड़न होने पर उसे सहन न करें बल्कि उसके खिलाफ मुकाबला करें ताकि उनके साथ दोबारा इस प्रकार की घटना न हो सके। शिक्षिका विजेता सिंह ने भी छात्राओं को शिक्षा और सुरक्षा की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय की करीब एक सैकड़ा छात्राएं मौजूद रहीं।
बेहतर शिक्षा और सुरक्षा से ही छात्राओं को मिलेगा मुकाम