कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूर्व पुलिस अधीक्षक के क्रेशर में आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशाें ने मुनीम कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की। बदमाशों ने गैस कटर से अलमारी काट कर 3.55 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। क्रेशर मुनीम ने घटना की तहरीर थाना कबरई में दी है।
पूर्व पुलिस अधीक्षक रामसेवक का कानपुर-सागर हाईवे पर कमल ग्रेनाइट के नाम से क्रेशर है। रविवार की देर रात तकरीबन एक बजे आधा दर्जन नकाबपोश सशस्त्र बदमाशाें ने क्रेशर में काम कर रहे हेल्पर शेरू, विनोद और संदीप को बंधक बना लिया और जमकर मारपीट की। शोरगुल सुनकर क्रेशर में मौजूद फोरमैन रामस्वरूप, मुनीम अरविंद व दीनदयाल मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। बदमाशाें ने इन्हें भी बंधक बना लिया और मारपीट की। अलमारी की चाबी न मिलने पर बदमाशाें ने गैस कटर से अलमारी को काट दिया और अलमारी में रखे 3.55 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। कर्मचारियाें ने किसी तरह क्रेशर मुनीम को सूचना दी। जिससे फोरमैन रामस्वरूप को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुनीम ने घटना की तहरीर थाना कबरई में दी है। पुलिस अधीक्षक के के गहलोत, एएसपी रामयश, सीओ सदर ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। और जल्द ही मामले के खुलासे के निर्देश दिए।